स्वास्थ्य कर्मियों को समन्वय से कार्य करने का निर्देश

पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मना सहिया दिवस

पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मना सहिया दिवस प्रतिनिधि, पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सभागार में सहिया दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को कोई परेशानी हो, तो वे सीधे उनसे संपर्क करें, ताकि समस्याओं का समाधान किया जा सके. साथ ही उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मी को ड्यूटी में समस्या हो, तो वे साझा करें. जरूरत पड़ने पर वे स्वयं ड्यूटी निभाने को तैयार हैं, लेकिन बिना वजह अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. डॉ. कुमार ने कहा कि सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी को कर्तव्य समझते हुए ईमानदारीपूर्वक कार्य करना चाहिए. आपसी समन्वय से ही बेहतर स्वास्थ्य सेवा संभव है. कार्यक्रम में नेत्र पदाधिकारी चंदन कुमार, बीपीएम शशिकांत कुमार, प्रखंड लेखा प्रबंधक धीरज कुमार सिन्हा, पिरामल फाउंडेशन के बीटीटी गनौरी पासवान, परशुराम पासवान, चंचला कुमारी, एमटीएस उदय चौधरी सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे. सहियाओं ने उठाया बकाया प्रोत्साहन राशि का मुद्दा कार्यक्रम के दौरान सहियाओं ने सितंबर से दिसंबर माह तक के बकाया प्रोत्साहन राशि के भुगतान का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि उक्त अवधि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है. इस संबंध में विभागीय जानकारी दी गई कि सितंबर से दिसंबर तक की कुल 28 लाख 56 हजार 350 रुपये की प्रोत्साहन राशि का बिल बनाकर ट्रेजरी में भेजा जा चुका है, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण भुगतान लंबित है. बताया गया कि झारखंड में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों का भुगतान अब एसएनए स्पर्श (रियल टाइम सिस्टम ऑफ इंटीग्रेटेड क्विक ट्रांसफर) के माध्यम से किया जाना है, जिससे भुगतान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जा सके. विभाग ने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >