पलामू में अप्रैल माह में ही तेज गर्मी, तापमान 42.6°

लू और तेज धूप से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लू और तेज धूप से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट प्रतिनिधि, मेदिनीनगर जिले में अप्रैल माह में ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बुधवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले चार दिनों से लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस था, जो अचानक बढ़कर 42.6 डिग्री तक पहुंच गया. सुबह नौ बजे के बाद ही तेज धूप निकलने लगती है और दोपहर में गर्म हवा (लू) चलने से लोग बेहाल हैं. शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में गर्मी का असर समान रूप से देखा जा रहा है. मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है. मार्च के दूसरे सप्ताह से ही तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गयी थी. 14 मार्च को तापमान 39.4°C और 30 मार्च को 40.2°C दर्ज किया गया था. अनुमान है कि अप्रैल, मई और जून में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ सकती है. तेज गर्मी के कारण जल संकट के संकेत भी मिलने लगे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी नदियां सूख चुकी हैं और पलामू की लाइफलाइन मानी जाने वाली कोयल नदी भी सूखने के कगार पर है. यदि यही स्थिति बनी रही तो शहरी क्षेत्रों में भी जल संकट गहरा सकता है. गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है. अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है, खासकर बच्चे अधिक प्रभावित हो रहे हैं. बुखार, सर्दी और खांसी के मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है. शादी-विवाह के मौसम में भी लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है. लोग घर से बाहर निकलते समय तौलिया और गमछा से चेहरा ढकने को मजबूर हैं। स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. धूप और लू से बचाव जरूरी: सिविल सर्जन जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है. सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक जरूरत न हो तो धूप में बाहर न निकलें. बाहर निकलते समय सूती कपड़े पहनें, सिर को तौलिया या गमछा से ढकें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें. साथ ही हल्का भोजन करने की सलाह दी गयी है. पलामू में हाल के दिनों का तापमान (°C) 9 अप्रैल – 31.8 10 अप्रैल – 35.0 11 अप्रैल – 37.0 12 अप्रैल – 39.8 13 अप्रैल – 38.8 14 अप्रैल – 38.9 15 अप्रैल – 42.6

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >