पलामू. मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. लगातार बारिश के कारण धान की खेती को लेकर किसानों की उम्मीदें बढ़ गयी हैं. प्रखंड क्षेत्र में अब तक करीब 60 प्रतिशत खेतों में धान की रोपनी पूरी हो चुकी है. वहीं, बारिश के बाद शेष खेतों में भी जल्द रोपनी शुरू होने की संभावना बढ़ गयी है.
पठारी क्षेत्र के किसानों को मिली राहत
प्रखंड के पठारी क्षेत्र की पंचायत मोहम्मदगंज, गोंड़ाडीह, बटौआ, बरवाडीह और लटपौरी के कई गांवों में कोयल नहर का पानी नहीं पहुंचता है. ऐसे में इन क्षेत्रों के किसान खेती के लिए मुख्य रूप से वर्षा जल और काशी स्रोत डैम से निकलने वाली दो वितरणियों पर निर्भर रहते हैं. पिछले कुछ दिनों से हो रही अच्छी बारिश ने इन किसानों की सिंचाई संबंधी चिंता को काफी हद तक दूर कर दिया है.
काशी स्रोत डैम में बढ़ा पानी
मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी नदियों का पानी काशी स्रोत डैम में पहुंचने लगा है. इससे डैम में पर्याप्त पानी जमा होने की उम्मीद बढ़ी है. डैम से निकलने वाली दोनों वितरणियों में भी पानी पहुंचने लगा है. इससे सिंचाई की समस्या झेल रहे किसानों को काफी राहत मिली है. किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला आगे भी बना रहा, तो धान की फसल के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: MMDR झारखंड के खिलाफ इस बिल से राज्य को होगा 14 हजार करोड़ का नुकसान - सुरेश बैठा
रोपनी के बाद खाद का भी किया गया छिड़काव
किसानों चंद्रमा चौहान, किविरिया खान, सीताराम राजवार, बबलू पांडेय, अवधेश यादव, अर्जुन यादव, प्रदीप यादव, दीपू सिंह, संजय राम, अमेरिका यादव, असरफ खान, मोहम्मद कैश और अकील अजहर ने बताया कि सावन के अंतिम सप्ताह में मौसम में आये बदलाव से धान की खेती को काफी राहत मिली है. अब तक करीब 60 प्रतिशत खेतों में रोपनी पूरी हो चुकी है. जिन खेतों में रोपनी हो गयी है, वहां एक बार खाद का छिड़काव भी किया जा चुका है.
ये भी पढ़ें: प्रतिबंध के बावजूद पलामू में धड़ल्ले से हो रहा सिंगल यूज पॉलिथीन का इस्तेमाल
मौसम अनुकूल रहा तो पूरी होगी रोपनी
किसानों ने बताया कि बारिश नहीं होने से धान की रोपनी को लेकर चिंता बढ़ गयी थी. कई खेतों में पानी की कमी के कारण रोपनी का काम प्रभावित हो रहा था. पिछले तीन दिनों की बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी जमा हो गया है. इससे अब शेष खेतों में भी रोपनी का काम तेजी से शुरू होने की उम्मीद है. किसानों ने उम्मीद जतायी कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा और समय-समय पर बारिश होती रही, तो प्रखंड क्षेत्र में धान की रोपनी का काम पूरा हो जायेगा. अच्छी बारिश से इस बार धान की फसल बेहतर होने की उम्मीद भी किसानों में जगी है.
