एसपी कपिल चौधरी ने किया सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन, बच्चों को संस्कृति और संस्कार से जुड़ने का दिया संदेश
मेदिनीनगर, पलामू : संत मरियम आवासीय विद्यालय में जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी कपिल चौधरी ने फीता काटकर किया. विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव और प्राचार्य कुमार आदर्श ने एसपी को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और विद्यालय का स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया.
एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है. सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति और विरासत को समझने का अवसर मिलता है. आवासीय विद्यालय में बच्चों को पढ़ाई के साथ एक साथ रहने, सीखने और जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिलता है. यह अनुभव उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
अनुशासन और आत्मनिर्भरता सीखते हैं बच्चे
एसपी ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में बच्चे विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, सहयोग, आत्मनिर्भरता और सामाजिक व्यवहार सीखते हैं. ये अनुभव उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होते हैं.
एसपी की पत्नी ने भी आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं से बातचीत की. उन्होंने बच्चियों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके साथ तस्वीरें भी लीं.
विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि बच्चों को प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे लोगों से मिलने का अवसर मिलने से उनमें नई ऊर्जा और प्रेरणा आती है. विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और आत्मनिर्भरता का वातावरण उपलब्ध कराना है.
कृष्ण के विभिन्न स्वरूप में नजर आये छात्र-छात्राएं
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न स्वरूप धारण कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. आवासीय परिसर में दही-हांडी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. बच्चों ने समूह बनाकर कई फीट ऊंचा पिरामिड तैयार किया और हांडी फोड़कर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया.
मौके पर इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, ओंकार नाथ तिवारी, प्रवीण दुबे, विकास विश्वकर्मा, सुमित वर्मन सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे.
