सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को लेकर निकाला गया जागरुकता रथ, डीसी ने कहा मेदिनीनगर. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा जागरूकता रथ निकाला गया. रथ को डीसी समीरा एस, डीडीसी जावेद हुसैन व डीटीओ जितेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ जिलेभर में भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा. मौके पर डीसी समीरा एस ने कहा कि नये साल की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन एक जनवरी से 31 जनवरी तक किया जा रहा है. सड़क सुरक्षा सप्ताह का थीम सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन पर आधारित है. नये वर्ष में सड़क पर अपनी जिम्मेदारी को और अधिक समझने की आवश्यकता है. लोगों से ड्रिंक के बाद ड्राइव नहीं करने की हिदायत दी. कहा कि लोग वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें. नियमों के पालन से सड़क पर सुरक्षा बनी रहती है. विशेषकर युवा वर्ग से अपील की है. दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूर करें डीसी ने कहा कि जब भी दो पहिया वाहन का प्रयोग करें, तो हेलमेट अवश्य पहनें. कहा कि जीवन मूल्यवान है. सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम व अपनी सुरक्षा के लिए यातायात के सभी नियमों का पालन जरूरी है. कहा कि जागरूकता रथ के माध्यम से आमजनों को सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूक किया जायेगा. रथ के माध्यम से जिले के प्रमुख चौक -चौराहों व हाट बाजारों में यातायात नियमों के पालन यथा हेलमेट, सीट बेल्ट के फायदे से संबंधित ऑडियो व वीडिओ क्लिप लोगों को सुनाये जायेंगे. सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कई अन्य तरह के कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा. रथ रवानगी के पूर्व डीसी, डीडीसी व डीटीओ ने सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा को लेकर अपने-अपने हस्ताक्षर भी किये. वहीं रथ रवाना करने के बाद विभिन्न पदाधिकारियों व कर्मचारियों को रोड सेफ्टी की प्रतिज्ञा दिलायी गयी. मौके पर नजारत उपसमाहर्ता नीरज कुमार, रोड सेफ्टी मैनेजर विनीत कुमार समेत अन्य मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
