निखिल सिन्हा की रिपोर्ट
पलामू जिले के नावाबाजार व पड़वा थाना से क्षेत्र से मजदूरी के लिए बिहार ले जा रहे 27 नाबालिक बच्चे व बच्चियों को शनिवार की रात्रि करीब 10 बजे रेस्क्यू किया गया है. सभी बच्चियों को सखी वन स्टॉप सेंटर में व बच्चों को बाल सुधार गृह में भेजा गया है. रेस्क्यू किए गए सभी बच्चे लातेहार जिला के मनिका थाना क्षेत्र के रहने वाले है. सभी नाबालिगों को धान रोपाई का कार्य करने के लिए लातेहार से बिहार के सासाराम जिला ले जाया जा रहा था. इसकी गुप्त सूचना बाल कल्याण समिति को मिली. जिस पर कार्रवाई करते हुए वाले कल्याण समिति के द्वारा नावाबाजार थाना व पड़वा थाना के सहयोग से दो पिकअप वहां को जब्त किया गया.
बाल कल्याण समिति के सदस्य पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सभी बच्चे व बच्चियों को मजदूरी का कार्य करने के लिए बिहार ले जाया जा रहा है. जिस पर कार्रवाई करते हुए सभी नाबालिकों को रेस्क्यू किया गया. साथ ही दो पिकअप वाहन जब्त कर बिहार के सासाराम जिले के चार व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है. हालांकि नाबालिगों के साथ उनके परिजन भी मौजूद थे. फिलहाल मानव तस्करी के सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. इसमें संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
