Palamu: शादी के मंडप से दुल्हन फरार, छोटी बहन से हुई दूल्हे की शादी

Palamu: पलामू में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया जब मंडप से दुल्हन फरार हो गई. बाद में परिवार की सहमति से दूल्हे की शादी छोटी बहन से करा दी गई. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

Palamu (बेतला): बरवाडीह थाना क्षेत्र के बेतला गांव में शुक्रवार की रात उस वक्त सनसनी मच गयी, जब सीताराम भुईयां की बेटी जयमाला से ठीक पहले अपने ही शादी के मंडप से अचानक लापता हो गयी. गढ़वा के रमुना से आई बारातियों की खुशियां पल भर में तनाव और सन्नाटे में बदल गयी. जैसे ही दुल्हन के गायब होने की खबर फैली, वर पक्ष आक्रोशित हो उठा और बिना शादी के वापस लौटने की जिद करने लगा. स्थिति को बिगड़ता देख दोनों पक्षों के बड़े लोगों ने सूझबूझ दिखाई. आनन-फानन में तय किया गया कि दूल्हे की शादी दुल्हन की छोटी बहन से कराई जायेगी.

इसके बाद छोटी बहन ने बड़ी बहन की जगह मंडप में कदम रखा और रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा उसे ही विदा कराकर अपने साथ ले गया.

एक युवक को शक के आधार पर ग्रामीणों ने बनाया बंधक

इधर, दुल्हन के लापता होने से गुस्साये परिजनों ने संदेह के आधार पर चपरी निवासी एक युवक को बेतला में बंधक बना लिया. मामले की गंभीरता को भांपते हुए बरवाडीह पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और युवक को सकुशल मुक्त कराया. सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बेतला और आसपास के घने जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया. पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण आखिरकार गायब युवती को शनिवार को बरामद कर लिया गया.

थाने में पूछताछ के दौरान इस पूरी साजिश का खुलासा हुआ. युवती के प्रेमी ने स्वीकार किया कि उसने ही जयमाला के वक्त लड़की को भागने के लिए कहा था. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

ये भी पढ़ें…

पलामू में बन रहा आधुनिक मल्टीलेयर फार्मिंग मॉडल, डीसी ने किया निरीक्षण 

पलामू: हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से चार युवक झुलसे, मेदिनीनगर रेफर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >