प्रतिनिधि, पड़वा. राजहरा कोलियरी मोड़ से सदाबह नदी पार पड़वा मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग-39 की स्थिति बेहद खराब हो गयी है. शनिवार की बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम साफ होने पर सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाता है, जिससे कीचड़ और बदहाल स्थिति बनी रहती है. सबसे अधिक परेशानी बाइक चालकों को हो रही है. यह राष्ट्रीय राजमार्ग बिहार, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. इसी सड़क से जिले के आला अधिकारी, मंत्री और एनएच के अधिकारी भी आवागमन करते हैं, लेकिन जर्जर सड़क की ओर किसी का ध्यान नहीं है. सड़क किनारे रहने वाले लोग धूल और कीचड़ से परेशान हैं. स्थानीय निवासी कादिर हुसैन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग होने के बावजूद सड़क की स्थिति दयनीय बनी हुई है. वाहन चालक बेहतर सड़क के लिए टैक्स देते हैं, लेकिन सुविधा नहीं मिल रही है.
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले लोग दोहरी परेशानी झेल रहे हैं. एक ओर जर्जर सड़क है, तो दूसरी ओर बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या बनी रहती है. सड़क के दोनों ओर टेंपो, बाइक, ठेला और गुमटी लगने से बड़े वाहनों के आवागमन में दिक्कत होती है. गुरुवार और रविवार को बाजार लगने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है, लेकिन अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन उदासीन बना हुआ है.
