विश्रामपुर/रेहला (पलामू) : विश्रामपुर में विधानसभा का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया. सुबह सात बजे से निर्धारित समय तीन बजे तक 62 प्रतिशत वोट पड़े. मतदान हो चुका था.लेकिन कई बूथों पर तय सीमा तीन बजे के बाद भी मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई थी.
पहली बार वोट कर रहे युवा मतदाता काफी उत्साहित दिखे. महिलाएं भी बूथों तक पहुंच कर जम कर मतदान की. लवरपांडु की बूथ संख्या 282 और ऑसनलिया बूथ संख्या 287 पर एक भी मत नहीं पड़ा. यहां ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा देकर चुनाव का बहिष्कार किया. यहां उल्लेखनीय है कि विश्रामपुर विधानसभा मे कुल 367 मतदान केंद्र बनाये गये थे.
इसमें कई बूथ आदर्श मतदान केंद्र था.आदर्श मतदान केंद्र पर प्रशासन द्वारा मतदाताओं के जलपान की भी व्यवस्था की गयी थी. इसके अलावा बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी थी.वहीं विश्रामपुर प्रखंड मुख्यालय में सखी मतदान केंद्र स्थापित किया गया था.जिसमें सभी मतदान कर्मी महिलाएं थीं.
विश्रामपुर विधान सभा से कुल 19 उम्मीदवार मैदान में थे.जबकि मतदाताओं की कुल संख्या तीन लाख आठ हाजर 434 है, जिसमें एक लाख 66 हजार 405 पुरुष व एक लाख 42 हजार 29 महिला मतदाताओं की संख्या है.प्रशासन ने सभी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये थे.स्थानीय पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बल के जवान भी तैनात किये गये थे.
