पानी कनेक्शन की जांच को लेकर शुरू हुआ डोर-टू-डोर अभियान
मेदिनीनगर : शहर के स्वर्ण व्यवसायी विश्वनाथ प्रसाद द्वारा पानी की चोरी की जाती है. इस मामले का खुलासा सोमवार को अभियान के दौरान हुआ. उपायुक्त कृपानंद झा के आदेश के आलोक में नगर पर्षद और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा संयुक्त अभियान शुरू किया गया है. इस अभियान के दौरान डोर-टू-डोर जाकर वैसे लोगों का पता लगाया जा रहा है जो अवैध तरीके से पानी का कनेक्शन लेकर उसका उपयोग कर रहे हैं.
अभियान का नेतृत्व वार्ड नंबर एक की पार्षद कविता देवी, जेइ अरुण कुमार सिंह आदि संयुक्त रूप से किया. यह बताया गया कि स्वर्ण व्यवसायी विश्वनाथ प्रसाद शहर के बड़े स्वर्ण व्यवसायी हैं. पंचमुहान के विनोद सिंह कांप्लेक्स में इनकी कोठी ज्वेलर्स नाम की दुकान है. इनका आवास वार्ड नंबर एक में हमीदगंज में शिवकुमार लाल रोड में स्थित है.
अभियान के दौरान यह पाया गया कि इनके द्वारा पानी का कनेक्शन नहीं लिया गया है. क्योंकि जब टीम वहां पहुंची और कागजात की मांग की, तो इनके द्वारा कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. जांच के दौरान मोटर भी मिला. इससे यह पता चलता है कि जब पानी की सप्लाई होती है, तो उस दौरान मोटर लगा कर पानी भी लिया जाता है. उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में ऐसे लोगों को विशेष तौर पर चिह्न्ति करने को कहा गया था. क्योंकि ऐसा देखा जाता है कि जब सप्लाई के दौरान मोटर का इस्तेमाल कर पानी लिया जाता है, तो दूसरे लोगों को परेशानी होती है.
अभियान में शामिल अभियंता श्री सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले की रिपोर्ट दी जायेगी. यह मामला गंभीर है. रिपोर्ट सौंपी जायेगी. साथ ही विश्वनाथ प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज करने की भी अनुशंसा की जायेगी. इनसे 30 हजार से अधिक का जुर्माना वसूला जायेगा. क्योंकि यह पता चला है कि पिछले सात वर्ष से अवैध रूप से पानी लिया जा रहा है. यह पानी चोरी का मामला है. अवैध कनेक्शन को सोमवार से काट दिया गया है.
