देवव्रत दास, महेशपुर. महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियापतरा घाट स्थित बांसलोई नदी में शनिवार को स्नान करने के दौरान दो महिलाएं तेज धार की चपेट में आकर डूब गयीं. हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. नदी में मौजूद लोगों ने प्रयास कर एक महिला को पानी से बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरी महिला तेज बहाव में लापता हो गयी.
नहाने के दौरान तेज धार में बह गयीं दोनों बहनें
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के कुड़कुड़ी पहाड़ी गांव निवासी कैलशी देवी (55) अपनी बहन के साथ महेशपुर क्षेत्र में अपनी बेटी के घर पूजा में शामिल होने आयी थीं. उनकी बहन की उम्र करीब 60 वर्ष बतायी जा रही है और वह गिरिडीह जिले के ही मझिलाटूर गांव की रहने वाली हैं.
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे दोनों बहनें गांव के पास बांसलोई नदी में स्नान करने गयी थीं. इसी दौरान दोनों नदी की तेज धार की ओर चली गयीं और पानी के तेज बहाव में बह गयीं.
स्थानीय युवकों ने एक महिला को बचाया
घटना के बाद आसपास मौजूद कुछ युवकों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद कैलशी देवी को नदी से बाहर निकाल लिया गया.
वहीं दूसरी महिला तेज धार की चपेट में आने के बाद लापता हो गयी. स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर महिला की तलाश शुरू की, लेकिन काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने नदी में लापता महिला की तलाश शुरू कर दी.
स्थानीय ग्रामीण भी खोजबीन में सहयोग कर रहे हैं. नदी में तेज बहाव होने के कारण बचाव दल को तलाश में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
समाचार भेजे जाने तक लापता महिला की तलाश जारी थी.
एक नजर में
- बांसलोई नदी के बलियापतरा घाट पर हादसा.
- स्नान करने के दौरान दो महिलाएं तेज धार में बहीं.
- स्थानीय लोगों ने एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला.
- दूसरी महिला नदी में लापता.
- दोनों महिलाएं गिरिडीह जिले की बतायी जा रही हैं.
- पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी.
