पाकुड़ से रमेश भगत की रिपोर्ट
Pakur News: झारखंड के पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी थाना क्षेत्र के सुन्दरापहाड़ी गांव में एक आदिवासी परिवार के सामाजिक बहिष्कार (बिटलाहा) का गंभीर मामला सामने आया है. गांव की पंचायत पर पीड़ित चुड़का टुडू से जुड़े 15 परिवार का हुक्का-पानी बंद करने और उन पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का आरोप लगा है. पीड़ित परिवार ने मामले को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को आवेदन देकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है.
शादी की व्यस्तता में नहीं पहुंच पाए अंतिम संस्कार में
पीड़ित चुड़का टुडू ने बताया कि 12 मई को उनके बेटे सूरज टुडू की शादी थी. पूरा परिवार शादी समारोह की तैयारियों और कार्यक्रमों में व्यस्त था. इसी बीच गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 मई को उसका अंतिम संस्कार किया गया. शादी की व्यस्तता के कारण परिवार को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी और वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए. आरोप है कि इसी बात को लेकर गांव के ग्राम प्रधान सकल टुडू ने ग्रामीणों को परिवार के खिलाफ भड़काया.
300 लोगों की बैठक
इसके बाद 16 और 17 मई को गांव में करीब 300 लोगों की बैठक आयोजित की गई. पीड़ित के अनुसार बैठक में उनके परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया. परिवार को गांव के कुएं से पानी लेने, दुकान से सामान खरीदने और ग्रामीणों से बातचीत करने पर रोक लगाने का फरमान सुनाया गया. साथ ही साथ गांव में रोजगार करने पर भी रोक लगा दिया गया.
2 लाख का जुर्माना
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पंचायत की ओर से 2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया. जुर्माना नहीं देने पर उनकी 40 बीघा कृषि भूमि पर कब्जा करने की धमकी दी गई. साथ ही मामले की शिकायत पुलिस या प्रशासन से करने पर जान से मारने की चेतावनी भी दी गई. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बैठक में सोमाई टुडू, शिवनाथ टुडू, मिस्त्री टुडू और छोटू मुर्मू पर भी पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
पुलिस ने जांच टीम गठित की
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में एक टीम बनाया गया है, जिसमें मुफ्सिल थाना प्रभारी भी शामिल है. टीम मामले की जांच कर आगे कानूनी कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें: रांची में हिनू की पीएचईडी कॉलोनी में जलमीनार से पानी का रिसाव, जल्द होगी मरम्मत
यह भी पढ़ें: खेल नगरी गुमला में स्थापना दिवस का जश्न: DC दिलेश्वर महतो संग ‘रन फॉर गुमला’ में दौड़े सैकड़ों युवा
