हिरणपुर : प्रखंड के तोडाई लैंपस द्वारा मैच्यूरिटी पूरी होने के छह माह बाद भी राशि का भुगतान नहीं किये जाने से आक्रोशित खाताधारियों ने एजेंट नारायण साहा को उनके घर में ही बंधक बनाया.
खाताधारी राशि भुगतान की मांग को लेकर सहकारिता विभाग के अधिकारियों व लैंपस के अध्यक्ष, सचिव के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन भी किया. तोडाई व आस-पास के दर्जनों खाताधारियों ने लैंपस के अभिकर्ता नारायण साहा के घर पर पहुंचे और मैच्यूरिटी राशि के भुगतान की मांग की.
खाताधारी कृष्णपदो दास, गौतम मंडल, संध्या देवी, मोहनलाल मंडल, नेपाल मंडल आदि ने बताया कि दिसंबर 2012 में मैच्यूरिटी पूरी हो, लेकिन अब तक राशि का भुगतान नहीं किया गया. खाताधारियों ने बताया कि लैंपस के सदस्य सचिव प्रवीण कुमार व अध्यक्ष का ध्यान कई बार मैच्यूरिटी की राशि के लिए कहा लेकिन कार्रवाई नहीं की गयी.
क्या कहते हैं सदस्य सचिव
तोडाई लैंपस के सदस्य सचिव प्रवीण कुमार रविदास ने बताया कि ऑडिट रिपोर्ट में भिखारी पासवान के पास नौ लाख 77 हजार रुपये व एजेंट नारायण साहा के पास 3 लाख 99 हजार रुपये थी और उन लोगों ने जमा नहीं किया.
क्या कहते हैं बीसीओ
प्रखंड के सहकारिता पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि खाताधारियों की मैच्यूरिटी राशि भुगतान को लेकर लैंपस के सदस्य सचिव व अध्यक्ष को बुलाया गया था, लेकिन नहीं आये. जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा जांच टीम बनायी गयी है और जांचोपरांत दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
