डीजीपी पहुंचे संताल परगना, कहा
जिले में बीएसएफ व सीआरपीएफ की 21 कंपनियां होंगी तैनात
पाकुड़ : राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार सोमवार को हेलीकॉप्टर से पाकुड पहुंचे. डीजीपी ने डीसी व एसपी के साथ बैठक की और लोकसभा चुनाव को लेकर की गयी तैयारियों की जानकारी ली. श्री कुमार ने जिले के सभी मतदान केंद्रों में किये जाने वाले सुरक्षा बंदोबस्तों को लेकर की गयी तैयारियों की भी जानकारी ली. इसके बाद भयमुक्त माहौल में मतदान कराने का निर्देश दिया.
बैठक के बाद उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों सहित सामान्य मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये जायेगे. मतदाता भयमुक्त माहौल में मतदान करें, इसके लिए जिले में बीएसएफ और सीआरपीएफ की 21 कंपनियां तैनात की जायेंगी. झारखंड जगुआर के जवानों की भी तैनाती की जायेगी. पुलिस महानिदेशक ने बताया कि नक्सल प्रभावित इलाकों में कोबरा फोर्स भी अपना काम करेंगी. पुलिस महानिदेशक के साथ आइजी ऑपरेशन मुरारीलाल मीणा, जोनल आईजी उमेश कुमार सिंह, डीआईजी प्रिया दुबे, सीआरपीएफ के डीआईजी अशोक सान्याल, चुनाव कोषांग के प्रभारी कुलदीप द्विवेदी आदि थे.
