खरीफ फसल को लेकर कार्यशाला का आयोजन
खरीफ फसल को लेकर कार्यशाला का आयोजन
कैरो. प्रखंड सभागार में जिला कृषि विभाग के निर्देशानुसार शुक्रवार को एक दिवसीय खरीफ फसल कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसका शुभारंभ सीओ कुमारी शिला उरांव, प्रखंड कृषि पदाधिकारी किशोर उरांव और तकनीकी सहायक ज्ञान साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. सीओ ने कहा कि खरीफ फसल में सुखाड़ को ध्यान में रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने किसानों को अपने खेतों के प्रकार (एक नंबर, दो नंबर, तीन नंबर) के अनुसार ही उपयुक्त बीजों का चयन करने की सलाह दी ताकि कम पानी में भी अच्छी पैदावार और अधिक लाभ मिल सके. प्रखंड कृषि पदाधिकारी किशोर उरांव ने किसानों को बुआई से पहले खेतों की मिट्टी का उपचार व जांच कराने को कहा ताकि उनकी उर्वरता बढ़ाई जा सके. वहीं, तकनीकी सहायक ज्ञान साहू ने अनुदानित (सब्सिडी) बीजों के लिए समय पर फॉर्म भरने और मिट्टी की जांच कराने की अपील की. मौके पर विनय उरांव, रीना उरांव, रामसहाय टाना भगत और कई कृषक मित्र मौजूद थे. गैर-मैप मतदाता सूची पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
लोहरदगा. उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक हुई. इसमें अनुमंडल पदाधिकारी भी उपस्थित थे. बैठक में बताया गया कि 23 मई को सभी मतदान केंद्रों पर गैर-मैप मतदाताओं की सूची जारी की जायेगी, जिनका नाम पूर्व की सूची से मैप नहीं है. ऐसे मतदाता 23 और 24 मई को अपने केंद्र पर जाकर बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से मैपिंग करा सकते हैं. अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की. मौके पर विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे.