कुड़ू. प्रखंड के कोलसिमरी गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या दो से सरकारी स्कूल होते हुए आदिवासी अखड़ा तक किये गये अवैध अतिक्रमण को मुक्त कराने की मांग की है. इस संबंध में ग्रामीणों ने उपायुक्त संदीप कुमार मीणा, एसपी सादिक अनवर रिजवी और एसडीओ अमित कुमार को मांग पत्र सौंपा है. मांगपत्र में ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग पर सड़क के दोनों ओर कई लोगों द्वारा जबरन झोपड़ी बनाकर कब्जा कर लिया गया है. अतिक्रमणकारियों ने सड़क किनारे ईंट-पत्थर गिराकर नाली को पूरी तरह जाम कर दिया है. इसके कारण नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे उठने वाली दुर्गंध से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आगामी बरसात से पहले इस महत्वपूर्ण सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की गुहार लगायी है. मांग पत्र सौंपने वालों में पंचायत समिति सदस्य अनिल उरांव, उपमुखिया चिलगू भगत, रामसागर भंडारी, अश्वनी यादव, करमू भगत, रामजतन गोप, रामदर्शन यादव, बस्ती भगत, आशीष कुमार, सोमनाथ भगत, रामदास पासवान, धर्मदेव महतो, गुलाब भगत, ब्रजेश महतो समेत कई ग्रामीण शामिल हैं. बढ़ती महंगाई व डीजल-पेट्रोल की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
लोहरदगा. जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत के नेतृत्व में पावरगंज में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, प्रखंड व नगर अध्यक्षों, युवा कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारियों सहित काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि आज देश की आम जनता महंगाई की मार से त्रस्त है, लेकिन केंद्र सरकार लोगों की समस्याओं से बेखबर बनी हुई है. ईंधन के दामों में वृद्धि ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है. मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
