लोहरदगा़ केंद्र सरकार की नीतियों और आसमान छूती महंगाई के खिलाफ गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया. जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में समाहरणालय के समक्ष आयोजित एक दिवसीय धरना में काफी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. गैस सिलेंडर के बढ़े दाम से गरीब परेशान : धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने छोटे गैस सिलेंडर में 261 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर में 993 रुपये की भारी वृद्धि कर जनता पर आर्थिक बोझ लाद दिया है. छोटे सिलेंडर का उपयोग ठेला-खोमचा लगाने वाले और छोटे दुकानदार अपनी आजीविका के लिए करते हैं, जबकि कमर्शियल सिलेंडर होटल व ढाबों की जरूरत है. इस मूल्य वृद्धि का सीधा असर मध्यम और गरीब वर्ग की जेब पर पड़ेगा, जिससे बाजार में महंगाई और तेजी से बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण पेट्रोल, डीजल और खाद्य सामग्रियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने में जुटी है, जबकि आम जनता को महंगाई की मार झेलने के लिए छोड़ दिया गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बढ़ी हुई कीमतें तुरंत वापस नहीं ली गयी, तो झामुमो पूरे राज्य में उग्र आंदोलन छेड़ेगा. पार्टी गरीबों के हक के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी. हेमंत सरकार की योजनाओं को सराहा : जिलाध्यक्ष ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की सराहना करते हुए कहा कि एक ओर केंद्र जहां परेशानियां बढ़ा रही है, वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक काम कर रही है. धरना को जिला सचिव अनिल उरांव, केंद्रीय सदस्य नीरू शांति भगत, राधा तिर्की और हसनैन खलीफा समेत कई नेताओं ने संबोधित किया. मौके पर बिनेश गुप्ता, शंकर उरांव, रौशन ठाकुर, परवेज अंसारी, राजकिशोर राम, अरविंद उरांव, तस्लीम अंसारी और शीला उरांव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
केंद्र सरकार महंगाई बढ़ाकर गरीबों की रोटी छीन रही है : मोजम्मिल अहमद
केंद्र सरकार महंगाई बढ़ाकर गरीबों की रोटी छीन रही है : मोजम्मिल अहमद
