लोहरदगा़ लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत को पुनः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने जिला अध्यक्ष बनाया है. इस मौके पर प्रभात खबर से बातचीत में श्री भगत ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर अपार विश्वास और भरोसा जताया है, जिसके लिए वे कृतज्ञ हैं. यह केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे जिले की जनता और कार्यकर्ताओं पर पार्टी का अटूट भरोसा है. अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि इस विश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचायें. सुखैर भगत ने कहा कि पार्टी हित हमेशा सर्वोपरि है. आपसी भाईचारा बनाये रखना, हर कार्यकर्ता को समान अवसर देना और हर आवाज को सम्मानपूर्वक सुनना ही संगठन की असली ताकत है. जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा. कभी-कभी पार्टी हित में कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं, और ऐसे समय में व्यक्तिगत भावनाओं से बड़ा संगठन का हित होता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक विचार और आंदोलन है, जो अपने मूल्यों और सिद्धांतों के साथ निरंतर आगे बढ़ते रहती है. हमें मिलकर पार्टी को और सशक्त करना है, जनता की आवाज बुलंद करनी है और कांग्रेस को नयी ऊर्जा, नयी दिशा और नयी ऊंचाई देनी है. श्री भगत ने कहा कि लोहरदगा जिला में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है. सांसद, विधायक और जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है़ आने वाले नगर परिषद चुनाव में भी पार्टी प्रमुख भूमिका निभायेगी. उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन को धारदार बनाकर जनहित का काम किया जायेगा और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ा जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
