लोहरदगा़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान राज्य के विकास, लोहरदगा की आवश्यकताओं और युवाओं के खेल विकास पर विस्तार से चर्चा हुई. पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री से विशेष रूप से लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज परिसर के क्रिकेट मैदान को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों के अभाव में ग्रामीण व शहरी युवा आगे नहीं बढ़ पाते. इस मैदान के विकास से लोहरदगा व आसपास के खिलाड़ियों को उचित मंच मिलेगा. धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करता है. उन्होंने राज्य सरकार से खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस पहल की अपेक्षा जतायी. मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों, जनहित के मुद्दों तथा विकास कार्यों को गति देने पर भी सौहार्दपूर्ण माहौल में विचार-विमर्श हुआ. पूर्व सांसद ने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों में समन्वय जरूरी है. वरिष्ठ नेताओं का अनुभव सरकार के लिए मार्गदर्शक : सीएम : वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व सांसद के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि धीरू बाबू हमारे अभिभावक हैं. मैं इनकी हर बात का सम्मान करता हूं. सीएम ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं का अनुभव सरकार के लिए मार्गदर्शक होता है और उनके सुझावों को गंभीरता से लिया जाता है. उन्होंने संकेत दिया कि लोहरदगा में खेल संरचना को मजबूत करने के प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक पहल की जायेगी. इस मौके पर अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी मौजूद थे. इस मुलाकात के बाद लोहरदगा के विकास को लेकर राजनीतिक व सामाजिक हलकों में नयी उम्मीद जगी है.
लोहरदगा के विकास व खेल सुविधाओं पर होगी सकारात्मक पहल : सीएम
लोहरदगा के विकास व खेल सुविधाओं पर होगी सकारात्मक पहल : सीएम
