पेंशनधारी अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अवश्य बनायें : डीसी

पेंशनधारी अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अवश्य बनायें : डीसी

लोहरदगा़ समाहरणालय सभाकक्ष में पंचायती कर गोईठ कार्यक्रम का 11वां संस्करण आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ ताराचंद ने सभी मुखिया से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उपायुक्त ने कहा कि सभी पंचायतों के मुखिया अपने क्षेत्र की एएनएम के साथ बैठक अवश्य करें और गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी, प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण और आयरन फोलिक एसिड गोलियों के सेवन के लिए समन्वय बनायें. समय पर यह कार्य करने से माता और शिशु दोनों स्वस्थ रहेंगे और कुपोषण दूर किया जा सकेगा. छठ घाटों की साफ-सफाई करायें : दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए सभी मुखिया को अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में छठ घाटों की साफ-सफाई करानी चाहिए. इसके लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर अभियान चलाया जायेगा. गहरे पानी वाले तालाबों में अर्घ देनेवालों की सुरक्षा को लेकर रस्सी और बांस की सहायता से बैरिकेटिंग की जायेगी. वन नेशन वन राशन कार्ड : उपायुक्त ने वन नेशन वन राशन कार्ड की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी राशनकार्डधारी को देश के किसी भी हिस्से में राशन लेने की सुविधा है. साथ ही आयुष्मान कार्डधारी परिवार नि:शुल्क इलाज का लाभ प्राप्त कर सकते हैं. सर्टिफिकेट बनवाना अनिवार्य : उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत केंद्र प्रायोजित पेंशन योजनाओं के लाभुक अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अवश्य बनवा लें ताकि निर्धारित राशि निर्बाध रूप से मिलती रहे. इसी प्रकार मंईयां सम्मान योजना में जिन लाभुकों को राशि नहीं मिल रही है वे अपना आधार एनपीसीआइ से मैप्ड करा लें. जो भी त्रुटियां हैं या बैंक अकाउंट की डुप्लिकेसी है उसे दूर करा लें. उपायुक्त ने आपदा प्रबंधन, बाल विवाह, डायन प्रथा और पशु बीमा योजना के पालन को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुशील कुमार, बीडीओ, सीओ समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >