कैरो़ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रम गांव चलो अभियान के तहत सढ़ाबे गांव में बैठक आयोजित की गयी. प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र महतो की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष नवीन कुमार टिंकू उपस्थित थे. उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का आधार बताया. सीधे जनता तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : नवीन कुमार टिंकू ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत झारखंड के 2 करोड़ 60 लाख लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है. वहीं, किसान सम्मान निधि से 27 लाख किसानों के खातों में प्रतिवर्ष 6000 रुपये पहुंच रहे हैं. उन्होंने बताया कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में पीएम आवास योजना के तहत 15.84 लाख से अधिक पक्के मकान बनाये गये. उज्ज्वला, आयुष्मान कार्ड और मातृत्व वंदन जैसी योजनाओं का सीधा लाभ जनता को मिल रहा है. राज्य सरकार पर जमकर बरसे : पूर्ववर्ती सरकार की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि रघुवर दास के कार्यकाल में ग्राम प्रधानों व मानकी-मुंडाओं को मासिक मानदेय मिलता था, जो अब बाधित है. उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्य ठप हैं, मनरेगा कर्मी हड़ताल पर हैं और मरीजों को एंबुलेंस तक नसीब नहीं हो रही. हेमंत सरकार ने जनता से केवल वादाखिलाफी की है. बैठक में प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र महतो ने भी कार्यकर्ताओं को केंद्र की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया. मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे.
सुशासन और गरीब कल्याण मोदी की गारंटी : नवीन कुमार टिंकू
सुशासन और गरीब कल्याण मोदी की गारंटी : नवीन कुमार टिंकू
