किस्को़ सड़क निर्माण विभाग द्वारा 74 करोड़ रुपये की लागत से अशोक प्रधान और नागेंद्र पांडे कंस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से लोहरदगा से रिचुघुटा तक सड़क निर्माण कार्य वर्ष 2017-18 में शुरू किया गया था, लेकिन अब तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका है. सड़क जगह-जगह गड्ढों और उबड़-खाबड़ हिस्सों में तब्दील होकर लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है. किस्को चौक के समीप फ्रेंडशिप क्लब के सदस्यों ने सड़क की बदहाली को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. क्लब के मुख्य संरक्षक पूर्व सैनिक रामपाल उरांव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण शुरू हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन कार्य अधूरा पड़ा है. किस्को से लोहरदगा तक का मुख्य मार्ग गड्ढों से भरा पड़ा है, जिसके कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं. अब तक सड़क दुर्घटनाओं में 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वे दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं. लोग लगातार चोटिल हो रहे हैं और प्रशासन मौन है. फ्रेंडशिप क्लब के सदस्यों ने मांग की कि जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग तुरंत संज्ञान लेकर अधूरे सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराये. साथ ही फिलहाल जो खतरनाक गड्ढे हैं, उसका समतलीकरण तुरंत कराया जाये. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो प्रशासनिक पदाधिकारियों का बहिष्कार कर आंदोलन किया जायेगा. मौके पर फ्रेंडशिप क्लब के अध्यक्ष असलम अंसारी, फिरोज अंसारी, मोइन अंसारी, जलेश्वर उरांव, गोविंद सिंह, एजाज अंसारी, अजय उरांव, रजाक अंसारी, बिलेंदर उरांव सहित कई पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
