लोहरदगा़ ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को जिले भर के दवा दुकानदार हड़ताल पर रहे. लोहरदगा जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में थोक व खुदरा दवा व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध जताया. इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहीं, जिससे आम मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हालांकि, एसोसिएशन की ओर से आपातकालीन दवाओं की उपलब्धता बनाये रखने का दावा किया गया. अधिसूचनाओं को वापस लेने की मांग, सौंपा ज्ञापन : एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से दवाओं की अवैध व अनियमित बिक्री, बिना वैध पर्चे के होम डिलीवरी और कॉरपोरेट घरानों द्वारा दी जा रही भारी छूट से छोटे खुदरा दवा व्यवसायियों के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है. इसके विरोध में प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया. व्यवसायियों ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने, अधिसूचना जीएसआर 817 (ई) व जीएसआर 220 (ई) को वापस लेने तथा ऑनलाइन दवा बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है. सचिव पवन गौतम ने कहा कि यदि सरकार केमिस्टों की जायज मांगें नहीं मानती है, तो आने वाले दिनों में और भी उग्र आंदोलन किया जायेगा. मौके पर अध्यक्ष मुकेश शाहा, अनिल गुप्ता, विजय गुप्ता, प्रसन्नजीत घोष, संजय अग्रवाल, मनोज कुमार गुप्ता और अरुण साहु सहित कई दवा व्यवसायी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल, दवा दुकानें रहीं बंद
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्टों की हड़ताल, दवा दुकानें रहीं बंद
