लोहरदगा़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सह कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया़ इसमें पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम स्थल पर उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया. जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अहमद की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने भव्य बाइक रैली निकाली और पारंपरिक तरीके से माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस सम्मेलन में पार्टी पदाधिकारियों, बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही. महासम्मेलन में संगठन को सशक्त बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गयी. विशेष रूप से वर्तमान में चल रही जनगणना प्रक्रिया और संभावित एसआइआर को लेकर बूथ कार्यकर्ताओं को आवश्यक तकनीकी जानकारी व निर्देश दिये गये. पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत करायें और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें. झामुमो राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत : विनोद पांडे : केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में झामुमो सरकार का नेतृत्व कर रही है और पार्टी राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है. ऐसी स्थिति में हमारी जिम्मेदारी और दायित्व भी सबसे अधिक हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही किसी भी पार्टी की असली ताकत होता है और संगठन की मजबूती हमेशा बूथ से ही तय होती है. पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : जिला अध्यक्ष मुजम्मिल अहमद ने कहा कि लोहरदगा जिले में संगठन को और अधिक धारदार बनाने के लिए बूथ स्तर पर लगातार अभियान व कार्यक्रम चलाये जायेंगे. कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया. संगठनात्मक दृष्टिकोण से इस सम्मेलन को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बूथ कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : विनोद पांडे
बूथ कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत : विनोद पांडे
