लोहरदगा़ पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणामों में भाजपा की जीत का उत्साह लोहरदगा में भी देखने को मिल रहा है. सोमवार को सुभाष चंद्र बोस चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई व झालमुड़ी खिलाकर जश्न मनाया. इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गयी. उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि बंगाल में कथित अन्याय और लंबे संघर्ष के खिलाफ जनता की बुलंद आवाज है. उन्होंने कहा कि बंगाल के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने हिंसा, धमकियों और प्रशासनिक पक्षपात के बावजूद निस्वार्थ भाव से कार्य किया, जिसका परिणाम आज सबके सामने है. जनता ने भय और दबाव की राजनीति को पूरी तरह नकारते हुए बदलाव और विकास के पक्ष में मतदान किया है. नेताओं ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ा, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला था. अब बंगाल में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और राजनीतिक हिंसा पर सख्ती से रोक लगेगी. कार्यकर्ताओं ने इसे बंगाल में पारदर्शिता, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास की एक नयी शुरुआत बताया. मौके पर वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज, अनिल उरांव, श्रीचंद प्रजापति, सरिता देवी, जगनंदन पौराणिक, कलावती देवी, पशुपति नाथ पारस, मिथुन तमेड़ा, देवाशीष कार, परमेश्वर साहू, मीना बाखला, भारती सिन्हा, सामेला भगत, सरस्वती देवी, शंभू प्रजापति, नीरज गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
बंगाल में जीत पर लोहरदगा में भाजपाइयों ने मनाया उत्सव, जमकर चले पटाखे
बंगाल में जीत पर लोहरदगा में भाजपाइयों ने मनाया उत्सव, जमकर चले पटाखे
