भंडरा. भाजपा भंडरा मंडल अध्यक्ष बिपता उरांव की अगुवाई में मंगलवार को किसानों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित 12 सूत्री मांग पत्र बीडीओ को सौंपा. मौके पर जिला उपाध्यक्ष बजरंग उरांव ने कहा कि झारखंड सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. चुनाव के समय धान 3200 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने का वादा करने वाली सरकार के राज में किसान आज 18 रुपये किलो धान बेचने पर मजबूर हैं. पूर्व जिला उपाध्यक्ष बालकृष्ण सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष ओलावृष्टि और आंधी से हुए नुकसान का मुआवजा अब तक नहीं मिला है. वहीं 2026 में भी बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद हुई है, जिसका सर्वे कराकर सरकार तुरंत मुआवजा दे. इस मौकेर पर राजकिशोर साहू, परमेश्वर उरांव, उमेश प्रजापति सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे. नवाडीपाड़ा मध्य विद्यालय में समर कैंप शुरू
लोहरदगा. पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाडीपाड़ा में मंगलवार को तीन दिवसीय समर कैंप 2026 का उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ. प्रधानाध्यापक अरुण राम के नेतृत्व में आयोजित इस कैंप के पहले दिन बच्चों के लिए खेल, फिटनेस और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. खेल के साथ फिटनेस गतिविधि के तहत कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए योग, मेंढक दौड़, तीन टांग दौड़ और बैलेंस गेम का आयोजन हुआ. वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए योग और रस्सी कूद प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इन गतिविधियों का संचालन शिक्षक राहुल कुमार, नेमहंती मिंज और नीलम कुमारी ने किया. शिविर में सृजन के संग बचपन थीम के तहत बच्चों ने मिट्टी, लकड़ी व कागज से खिलौने और झारखंड की संस्कृति से जुड़ी वस्तुएं बनायीं. इस रचनात्मक गतिविधि में शिक्षिका सुमित्रा टोप्पो और उजबेला तिर्की ने बच्चों का मार्गदर्शन किया. विद्यालय परिवार के अनुसार, ऐसे आयोजन बच्चों के शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
