किस्को. सदर थाना क्षेत्र के जोरी-जनवल सीमांत स्थित नदी में मंगलवार को डूबने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान जोरी गांव निवासी 20 वर्षीय दिलशाद अंसारी (पिता सयुब अंसारी) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि दिलशाद बकरियां चराने नदी किनारे गया था, जहां नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया. दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजन तलाश में निकले. नदी किनारे उसके कपड़े मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई. ग्रामीणों की मदद से काफी खोजबीन के बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल ले गये, जहां पुलिस आगे की प्रक्रिया में जुट गयी है. घटना पर समाजसेवी मनान अंसारी, नसीम, निजामुद्दीन, नईम, इदरीस एवं लालू अंसारी ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. पक्षियों के लिए सिकोरे और चावल का वितरण आज
लोहरदगा. जिले में पड़ रही भीषण गर्मी से इंसान ही नहीं, बल्कि बेजुबान पशु-पक्षी भी प्यास से व्याकुल हैं. इस समस्या को देखते हुए लोहरदगा साइंस फॉर सोसाइटी और बर्म्मन हाइवे पेट्रोल पंप के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है. इसके तहत बीएस कॉलेज के निकट सुबह सात बजे से राहगीरों के बीच प्रतीक के तौर पर मिट्टी के सिकोरे और चावल का वितरण किया जायेगा. अभियान के माध्यम से राहगीरों से अपील की जायेगी कि वे अपने घरों, छतों और मोहल्लों में सिकोरे में पानी और चावल के दाने रखें. साथ ही, बाहर विचरण कर रहे आवारा पशुओं के लिए भी पेयजल की व्यवस्था करें. सोसाइटी के सचिव राहुल कुमार ने बताया कि इस मानवीय अभियान में डॉक्टर, अधिवक्ता, शिक्षाविद, रिटायर्ड फौजी, सरकारी अधिकारी और समाजसेवी शिरकत करेंगे. उन्होंने आमजनों से भी इसमें शामिल होने की अपील की है.
