लोहरदगा : शहरी जलापूर्ति योजना के तहत काम करनेवाले मानदेयकर्मियों को छह माह से मानदेय नहीं मिला है. इससे आक्रोशित कर्मियों ने नगर पर्षद कार्यालय के समक्ष धरना दिया. कर्मियों का कहना था कि वे लोग मानदेय पर काम करते हैं और पिछले छह माह से उन्हें मानदेय के स्थान पर सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है.
पेयजल की व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए वे लोग दिन रात काम करते हैं, लेकिन उनकी ओर किसी का भी ध्यान नहीं है. जब भी पैसे की मांग की जाती है तो बताया जाता है कि दो चार दिन में मिल जायेगा. उन लोगों ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर यदि उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो वे लोग नगर पर्षद में अनिश्चितकालीन धरना देंगे और इस दौरान जलापूर्ति भी बाधित होगी.
मौके पर नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी गंगाराम ठाकुर ने कर्मियों को बताया कि इस मद में राशि उपलब्ध हो गयी है. पैसा निकासी के पूर्व सिविल एसडीओ से काउंटर साइन कराना पड़ता है और ये संचिका वहां भेज दी गयी है. संचिका वापस आते ही भुगतान कर दिया जायेगा. इधर नगर पर्षद अध्यक्ष पावन एक्का को जब जानकारी मिली, तो उन्होंने मजदूरों को आश्वस्त किया कि उनके बकाये का भुगतान जल्द करा दिया जायेगा.
उन्होंने ये भी कहा कि वे यथाशीघ्र नगर विकास मंत्री से मिलकर नगर पर्षद की संचिका पर एसडीओ से काउंटर साइन कराने के नियम को ही समाप्त करने का अनुरोध करेंगे, क्योंकि इसमें अनावश्यक विलंब होता है. मौके पर शंकर उरांव, जोसेफ गुडिया, देवी उरांव, सरिता उरांव, एडमीन लकड़ा, राजपाल उरांव, महादेव उरांव, रामचंद्र भगत, मुकेश उरांव, विनोद उरांव सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
