होप संस्था व पुलिस का प्रयास रंग लाया
लोहरदगा : पुलिस एवं होप संस्था की सक्रियता से पांच लड़कियां दिल्ली में बिकने से बची. होप संस्था की मनोरमा एक्का को सूचना मिली कि विशुनपुर क्षेत्र के लुका गांव से पांच लड़कियों को आशीष महतो एवं लक्ष्मी नारायण साहू बोलेरो गाड़ी में दिल्ली ले जा रहे हैं.
मनोरमा एक्का ने सेन्हा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी़ इसके बाद एएसआइ अशोक पासवान के नेतृत्व में सेन्हा थाना के समीप सभी वाहनों की जांच की गयी.
जांच के क्रम में एक बोलेरो में पांच लड़कियां एवं दो लड़के मिले. पूछताछ करने पर उन्होंने पहले तो झूठ बोला, लेकिन कड़ाई से पूछे जाने के बाद लड़कियों ने दिल्ली ले जाने की बात स्वीकार कर ली. सभी लड़कियां नाबालिग हैं. लड़कियों को दलालों से मुक्त करने के बाद उन्हें सुरक्षित होप संस्था के पास रखा गया, जिसे मंगलवार को सीडबल्यूसी के पास प्रस्तुत किया गया. मौके पर होप के अरविंद वर्मा, उज्ज्वल कुशवाहा व पुलिस के जवान मौजूद थे.
