सेन्हा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई थी मारपीट की घटना
लोहरदगा : सेन्हा थाना क्षेत्र के झखरा गांव के ग्रामीणों के साथ मारपीट करने वाले उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के समर्थक रूपेश जायसवाल (पिता अमेरिका जायसवाल) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
एसपी कार्तिक एस ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के लोग मंजीत साहू के नेतृत्व में झखरा गांव पहुंच कर शमसुल अंसारी, जाकिर अंसारी, संतोष ठाकुर को लाठी-डंडा से पीट कर जख्मी कर दिया था.
पुलिस ने मंजीत साव एवं अन्य पर सेन्हा थाना में मामला दर्ज करते हुए उग्रवादियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया, जिसमें रूपेश जायसवाल गिरफ्तार किया गया. एसपी ने बताया कि मारपीट की घटना का कारण एक व्यक्ति के घर में घुस कर झखरा निवासी शमीम अंसारी, जमशेद अंसारी, संतोष ठाकुर एवं मनु ठाकुर द्वारा उसकी पत्नी के साथ मारपीट एवं छेड़छाड़ की गयी थी़ इस मामले को भी लेकर सेन्हा थाना में मामला दर्ज किया गया है.
ज्ञात हो कि निर्दोष ग्रामीणों के साथ जेजेएमपी उग्रवादियों द्वारा दिनदहाड़े की गयी पिटाई के विरोध में ग्रामीणों ने लोहरदगा-गुमला मुख्य पथ जाम कर दिया था़ संवाददाता सम्मेलन में एसडीपीओ राम सरेख राय, डीएसपी आशिष कुमार महली, इंस्पेक्टर जेपीएन चौधरी, थाना प्रभारी रामजी प्रसाद मौजूद थे.
