प्रभात खबर आपके द्वार में लोगों ने शिकायत की
लोहरदगा : प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम के तहत नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड नंबर 22 में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर मुहल्ले के लोगों ने कहा कि नगर पर्षद द्वारा इस क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है.
यहां न तो सफाई की कोई मुक्कमल व्यवस्था है और न ही लोगों के लिए नागरिक सुविधाएं उपलब्ध है. सभी घरों में शौचालय भी नहीं है. नाली का भी अभाव है. पेयजल के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. एक चापानल खराब पड़ा है, जिसकी मरम्मत की दिशा में नगर पर्षद द्वारा कोई कारवाई नहीं की जाती है.
मुहल्लेवासियों ने कई बार नगर पर्षद प्रशासन से गुहार लगायी, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ. लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर की ठोकरे खानी पड़ती हैं.
नगर पर्षद द्वारा यहां डस्टबीन तो लगाया गया है, लेकिन इसमें जमा कचरे की नियमित सफाई नहीं होती़ वार्ड नंबर 22 के बसंत महली, सुनिता देवी, गायत्री कच्छप, मुखिया राम, बुधन राम सहित अन्य लोगों ने कहा कि यदि इस क्षेत्र में नियमित साफ सफाई होती, तो मुहल्ले की स्थिति कुछ और होती. यहां चुनाव के समय लगभग सभी दल के नेता आये़ सभी ने आश्वासन दिया, लेकिन चुनाव बाद सभी वादे धरे के धरे रह गये़
