सेन्हा-लोहरदगा़ : बुनियादी विद्यालय सेन्हा के खेल मैदान में प्रखंड स्तरीय बाल समागम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न खेलों का आयोजन होना था, लेकिन व्यवस्था की कमी के कारण सिर्फ 100 मीटर रेस कराया गया. बाल समागम में होनेवाले खेलों में खेल शिक्षक नहीं होने के कारण दौड़ में किसी प्रकार के नियम बच्चों को नहीं बताये गये़ प्रखंड समागम कार्यक्रम में प्रखंड के लगभग सभी विद्यालय के बच्चे पहुंचे थे. कार्यक्रम के अंतर्गत होने वाले खेलकूद में पूरी तरह अव्यवस्था देखी गयी.
दौड़ के लिए न ट्रैक बनाया गया था, न ग्लूकोज की व्यवस्था की गयी थी. सबसे अहम बात, इतने प्रतिभागियों को पुकारने के लिए साउंड सिस्टम भी नहीं लगाया गया था. कार्यक्रम में कोई भी जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं थे. इस संबंध बीइओ सलाय सोरेन का कहना है कि यह कार्यक्रम सर्वशिक्षा अभियान के तहत संचालित होता है और सर्वशिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी हड़ताल पर हैं.
फंड की व्यवस्था न होने से इस तरह की अव्यवस्था है. इधर, प्रतियोगिता में 100 मीटर रेस बालिका वर्ग में सुूरज मनी कुमारी प्रथम, रीना कुमारी द्वितीय एवं नियति कुमारी तृतीय स्थान पर रही. बालक वर्ग में प्रथम मनीष मंडल महली, द्वितीय सूरज उरांव एवं तीसरे स्थान पर रौशन उरांव रहे.
