कैरो-लोहरदगा : कैरो थाना क्षेत्र के टाटी गांव निवासी लगभग 45 वर्षीय बुलु साहू पिता स्व हरि साहू की हत्या अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर दी. घटना की सूचना मिलते ही कैरो थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मामले की छानबीन कर रही है.
जानकारी के अनुसार बुलु साहू बैल व्यापारी था. मंगलवार को साप्ताहिक बाजार भंडरा से लौटने के बाद अपने परिवारवालों से यह कह कर घर से निकला कि एक व्यक्ति को 35 हजार रुपये देना है.
लगभग पांच बजे वह पैसा लेकर घर से पैदल निकला. टाटी चौक में कुछ देर खड़ा रहने के बाद उसे लोगों ने एक ट्रैक्टर में सवार होकर खरता की ओर जाते देखा. सुबह खरता गांव के रजबंधा बांध के समीप एक शव होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गये. लोगों ने उसकी पहचान टाटी निवासी बुलु साहू के रूप में की.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि ऐसे तो उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी, किंतु धोखे में रख कर उसकी हत्या किसी ने कर दी. पुलिस द्वारा तलाशी लिए जाने पर उसके पॉकेट से 700 रुपये तथा कमर में एक पिस्तौल पाया. पुलिस को आशंका है कि हत्या करने के बाद अपराधियों ने उसकी कमर में खाली पिस्तौल रख दी. ताकि लोगों का ध्यान अपराधियों पर से हट सके. घटनास्थल पर मौजूद लोग दबी जुबान यह कह रहे हैं कि शव के पास पुलिस को टीपीसी एक का एक परचा भी मिला है, किंतु पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है.
हत्या किसने की यह संस्पेंश बना हुआ है, जबकि बुलु साहू सीधा-सादा व्यक्ति व्यापार कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. अपराधियों ने बुलु के ही गलेबंध से उसका हाथ पीछे कर बांध दिया तथा सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
