जनजातीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम
लोहरदगा : नेहरू युवा संगठन एवं गृह मंत्रालय के सहयोग से आठवीं जनजातीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत 10 युवक-युवतियों को कोलकाता भ्रमण के लिए भेजा गया.
इस संबंध में सीआरपीएफ 158 बटालियन के कमांडेंट आनंद झा ने बताया कि इसका मकसद उन आदिवासी युवक को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ना है जो कि दूर-दराज क्षेत्रों के रहनेवाले हैं और जिन्हें देश दुनिया में होनेवाली घटनाओं एवं बहुआयामी विकास की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती है. सरकार द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से इन युवक-युवतियों को देश के विभिन्न प्रदेशों का भ्रमण कर वहां के लोगों से मिलने-जुलने तथा वहां की संस्कृति और समाज की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त करने का अवसर मिलता है. साथ ही साथ इन कार्यक्रमों के आयोजन से यह प्रयास किया गया है कि पिछड़े और गरीब आदिवासी वर्ग के लोगों में जो कुछ भी गलतफहमियां व्याप्त है, उन गलतफहमियों को मिटाया जा सके. ऐसी अपेक्षा की जाती है कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से ये युवक अपनी प्रतिभा एवं व्यक्तित्व का विकास कर, राष्ट्र निर्माण के सहयोग में सक्षम होंगे. इससे पूर्व 5वीं जनजातीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों का आयोजन हो चुका है.
वर्ष 2015-16 के लिए झारखंड के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र लोहरदगा जिला को भी चयनित किया गया है. उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले में गृह मंत्रालय के माध्यम से 158 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को यह जिम्मेदारी दी गयी है. जो कि जिला नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है.
इसके अंतर्गत जिले से 70 आदिवासी जनजाति के युवक-युवतियों को जो कि 18 से 22 वर्ष की आयु सीमा के अंदर हैं और जो दूर-दराज गांव के रहनेवाले हैं. उन्हें चयनित कर देश के चार मुख्य शहरों कोलकाता, चेन्नई, गुवाहाटी, वाराणसी एवं अहमदाबाद में एक सप्ताह के लिए भेजा जा रहा है. पांच शहरों में भेजने के लिए युवक-युवतियों की 10 एवं 15-15 की टोली बनायी गयी है. इनके साथ सीआरपीएफ के अनुरक्षक भी भेजे जायेंगे. इन सबके ठहरने एवं कार्यक्रम में भाग लेने की व्यवस्था भी उक्त शहरों में नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से की जायेगी.
इन शहरों में जाकर इन युवक-युवतियों को वहां की संस्कृति, विकास, व्यवस्था और पर्यटन स्थल देखने का मौका मिलेगा. साथ ही वहां के लोगों से मिलने-जुलने एवं एक-दूसरे को जानने व समझने का अवसर भी मिलेगा. इस संबंध में एक फरवरी 2016 को पहला दल कोलकाता के लिए रवाना किया जा रहा है. मौके पर कमांडेंट आनंद झा, यूनिट के द्वितीय कमान अधिकारी राजमुकूट केरकेट्टा, उप कमांडेंट अजय कुमार, पीके पांडेय, नेहरू युवा केंद्र के ललिता कुमारी सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
