योजना बनाओ अभियान के तहत कुंदो गांव पहुंचे
लोहरदगा : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ गांव के गरीबों का विकास हम सभी का दायित्व है. गांव की योजना गांव के लिए गांव के लोगों द्वारा बनायी जायेगी.
कहा कि एक वर्ष में गांवों को विकसित गांव बनाना है. श्री दास गुरुवार को योजना बनाओ अभियान के तहत को भंडरा प्रखंड के कुंदो गांव के ग्रामीणों के साथ चर्चा कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत का प्रबंधन समिति, पंचायत के सचिवालय में पंचायत के विकास के लिए काम करेगी. गांव के संसाधनों पर गांव के लोगों का हक है.
अधिकारी गांव में बैठ कर बनायेंगे योजना : मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि हम सबों को दलगत राजनीति से उपर जा कर मानवता का परिचय देते हुए गांव का समग्र विकास करना है.
ग्रामीणों के संबोधित करते हुए श्री दास ने आश्वस्त किया कि झारखंड सरकार के सभी मंत्री, सभी सचिव से लेकर अधिकारी, कर्मचारी गांव में जाकर गांव की योजना बनायेंगे. आजादी के बाद 67 साल नकारात्मक सोच में गुजर गये. अब वक्त आ गया है कि सकारात्मक सोच के साथ लोग विकास कार्य में सहभागी बनें. उन्होंने बताया कि गांव के विकास के लिए सरकार प्रत्येक पंचायत को 14वें वित्त आयोग के तहत 80 लाख रुपये दे रही है.
मंच छोड़ दरी पर बैठे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रघुवर दास के लिए भव्य मंच बनाया गया था. मुख्यमंत्री ठीक 11.30 बजे सड़क मार्ग से कुंदो गांव पहुंचे और जहां ग्रामीण महिलाएं बैठी थीं, वहां जाकर दरी पर बैठ गये. मुख्यमंत्री दरी में बैठ कर ग्रामीणों से विकास के संबंध में चर्चा करने लगे. उन्होंने गांव की समस्याओं से लेकर तमाम योजनाओं पर चर्चा की और सभी से भागीदारी की अपील की.
श्री दास ने कहा कि वर्ष 2016 जल प्रबंधन का वर्ष होगा. योजना निर्माण में जल प्रबंधन, कृषि, बागवानी, स्वच्छता, शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जायेगी. पलायन रोकने के काम को भी उन्होंने प्राथमिकता के स्तर पर करने की बात कही है. चर्चा में कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत भी मौजूद थे.
