जिला स्तरीय योजना बनाओ कार्यशाला का आयोजन किया गया
लोहरदगा : जिला स्तरीय योजना बनाओ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन नगर भवन में किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सुखदेव भगत एवं डीडीसी दानियल कंडुलना ने दीप प्रज्जवलित कर किया. मौके पर विधायक श्री भगत ने कहा कि योजना बनाओ अभियान क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अच्छी पहल है. गांवों में ही देश की आत्मा बसती है. कांग्रेस पार्टी गांवों के समग्र विकास के लिए सपना देखा था.
पंचायती राज व्यवस्था इसी की देन है. कहा कि गांव सक्षम होगा तो राज्य एवं देश भी सक्षम होगा. गांधी जी ने गांवों के विकास का सपना देखा था. जो अब सफलीभूत होने जा रहा है.
पहले योजनाएं पदाधिकारी बनाते थे, जिससे गांवों का विकास पूर्ण रुपेण नहीं हो पाता था. अब लोगों को अपने से ही योजना की सूची बना कर प्रखंडों को देनी है. इस योजना से लोग अपनी जरूरत एवं अपने क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक रूप से बैठक कर योजना देंगे तो अवश्य ही उस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास योजना में समाहित होगा. कहा कि योजना चयन के समय लोगों को ध्यान देना होगा कि दीर्घकालिक योजनाएं क्या होंगी और उससे हर वर्ग को किस प्रकार लाभ होगा.
उन्होंने जलसंवर्द्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग से संबंधित योजनाएं लेने की बात भी कही. उन्होंने उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि अपने क्षेत्र के विकास के लिए पहले पंचायत सचिवालय में या ग्राम सभा में बैठक कर योजना चयन करें, फिर इसे प्रखंड स्तर में भेजें. आपके द्वारा बनायी गयी योजना ही स्वीकृत होगा. जिससे टोले-मुहल्ले का विकास, जल का संवर्द्धन हो सकेगा. डीडीसी दानियल कंडुलना ने कहा कि योजना बनाओ अभियान ग्राम स्तर पर चालू किया गया है. योजनाओं की सूची पंचायत स्तर से जिला को उपलब्ध होगी. इसी सूची के आधार पर क्षेत्र में विकास कार्य होगा.
प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि सिंचाई, छोटे-छोटे बांध सहित गली-मुहल्लों की योजनाएं लें, ताकि क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सके. जहां सिंचाई सुविधा का अभाव है वहां सिंचाई सुविधा के लिए योजना तैयार करें.
जल संरक्षण पर भी उन्होंने जोेर दिया. मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सुनैना कुमारी, जिप सदस्य ब्रजकिशोर भगत, विनोद सिंह, सिविल सर्जन विरोनेन तिर्की, डीइओ उर्मिला कुमारी, कृषि पदाधिकारी श्रद्धा टोप्पो, मत्स्य पदाधिकारी विरेंद्र कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी अनिल राम, बीडीओ सीमा दीपिका टोप्पो, आलोक साहू, निशिथ जायसवाल, किशोर कुमार वर्मा, असलम अंसारी, तौहिद अहमद, अनिल कुमार, गणेश पांडेय, कई प्रखंडों के प्रमुख, उपप्रमुख सहित बड़ी संख्या में सरकारी कर्मी एवं मुखिया मौजूद थे.
