लोहरदगा : लोहरदगा जिला परिषद की अध्यक्ष सुनैना कुमारी निर्वाचित हुई. वहीं उपाध्यक्ष जफर खान बने. समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला परिषद सदस्यों को शपथ ग्रहण कराने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की गयी. अध्यक्ष पद के लिए दो लोगों ने नामांकन दाखिल किया. इनमें कैरो से जिला परिषद सदस्य पूनम मिंज एवं भंडरा से जिला परिषद सदस्य सुनैना कुमारी थीं.
मतदान में सुनैना देवी को पांच वोट मिले, वहीं पूनम मिंज को मात्र तीन वोट प्राप्त हुआ. इसी तरह जिला परिषद उपाध्यक्ष के पद पर कुडू जिला परिषद सदस्य जफर खान एवं किस्को से जिला परिषद सदस्य रानी देवी ने नामांकन दाखिल किया. चुनाव में पांच वोट जफर खान को एवं रानी देवी को तीन वोट मिले.
सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त
जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर समाहरणालय में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये थे. सभा कक्ष में तमाम सदस्यों को शपथ दिलायी गयी. मौके पर निर्वाचन आयोग से नामित पर्यवेक्षक भी मौजूद थे. पूरी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी रखा गया था. पूरी व्यवस्था पर जिले के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री नजर रखे हुए थे. तमाम प्रक्रिया की वीडीओ रिकार्डिंग करायी जा रही थी.
कांग्रेसियों में उत्साह
समाहरणालय के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे. कांग्रेसियों में इस बात को लेकर काफी उत्साह था कि जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बननेवाले लोग उनके खेमे के हैं. जफर खान जहां पुराने कांग्रेसी हैं, वहीं भंडरा प्रखंड के उदरंगी गांव निवासी सुनैना कुमारी भी कांग्रेस खेमा की ही है.
फूल माला से किया स्वागत
जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद सभा कक्ष से जब सुनैना कुमारी बाहर निकलीं तो उन्हें कांग्रेसियों ने घेर लिया और फुलमाला पहनाया. समाहरणालय के बाहर स्थित होटल में तमाम लोग पहुंचे और बधाई देने के साथ मिठाईयों का दौर भी चला.
लोग मिठाई खाने में मशगुल थे वहीं दो चार कांग्रेसी इस ओर भी नजर रखे हुए थे कि अभी जिला परिषद उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं हुआ है. कहीं दूसरे गुट के लोग जिप सदस्यों को भड़का तो नहीं रहे हैं. उनपर कड़ी नजर रखी जा रही थी. दूसरी पाली में उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ और जफर खान के उपाध्यक्ष बनने की घोषणा हुई तो तमाम लोग ताली बजा कर खुशी का इजहार किये. जफर खान के बाहर निकलने के बाद उनका भी स्वागत फूल माला पहना कर किया गया.
जफर को मिले पांच वोट
जिप उपाध्यक्ष पद पर जफर खान ने नामांकन पत्र दाखिल किया तो किस्को से जिला परिषद सदस्य रानी देवी ने भी उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन कर दिया. रानी देवी पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मनीर उरांव की पत्नी हैं. जफर खान को पांच वोट एवं रानी देवी को तीन वोट प्राप्त हुए. पूरे चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष मनीर उरांव एवं झारखंड मुक्ति मोरचा के जिला अध्यक्ष सुखदेव उरांव साथ-साथ रहे और अंतिम समय तक दोनों को चमत्कार की उम्मीद थी.
