लोहरदगा : लोहरदगा नगर पर्षद क्षेत्र के बक्सीडीपा में बस पड़ाव का निर्माण होगा. इसके लिये आठ एकड़ भूमि क्रय करने की कार्रवाई की जा रही है. जानकारी सरकार के उप सचिव ने विधानसभा में विधायक कमल किशोर भगत के सवाल के जवाब में दिया. विधायक ने विधानसभा में सवाल उठाया था कि लोहरदगा नगद पर्षद क्षेत्र में बस पड़ाव नहीं होने के कारण जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
सरकारी बस पड़ाव नहीं होने के कारण निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना ढंग से बसों का संचालन किया जा रहा है. इधर विधानसभा में ही विधायक ने आइटीडीए के निदेशक के वित्तीय अधिकार तत्कालीन उपायुक्त परमजीत कौर द्वारा छीन लिये जाने की बात कहते हुए सवाल उठाया जिस पर कहा गया कि उन्होंने योजनाओं में किसी भी प्रकार का अग्रिम बगैर उनके अनुमोदन के नहीं देने का निर्देश दिया था.सरकार ने कहा कि इस संदर्भ में परियोजना निदेशक आइटीडीए लोहरदगा ने विभाग से कोई दिशा-निर्देश की मांग नहीं की है.
विधायक ने शहर के बड़ा तालाब एवं ठकुराइन तालाब के दयनीय स्थिति पर भी सवाल उठाया. इस पर सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि नगर निकायों को प्रतिवर्ष नागरिक सुविधा के तहत राशि उपलब्ध करायी जाती है. विभाग के पत्रंक 834 दिनांक 10 मार्च 2015 द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को यह सूचित किया गया है कि नगर निकाय डीपीआर तैयार कर विधिवत बोर्ड से पारित करा कर इस योजना का कार्यान्वयन नागरिक सुविधा मद में उपलब्ध कराये गये राशि से कार्यान्वित करायें.
