लोहरदगा : स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन इस बार बलदेव साहू महाविद्यालय परिसर मे बन रहे स्टेडियम में किया जायेगा. जिले की उपायुक्त परमजीत कौर ने ललित नारायण स्टेडियम का निरीक्षण किया और वहां की स्थिति को देखने के बाद उन्होंने निर्णय लिया कि यहां राष्ट्रीय समारोह कराना संभव नहीं है. चूंकि स्टेडियम की स्थिति बिल्कुल ही बदहाल है.
उपायुक्त ने बलदेव साहू महाविद्यालय परिसर में बनाये जा रहे स्टेडियम को भी देखा. इस स्टेडियम का निर्माण कार्य वर्ष 2011 में ही पूरा करना था, लेकिन संवेदक की मनमानी के कारण स्टेडियम आज तक अधूरा पड़ा है. उपायुक्त ने विशेष प्रमंडल से इस मामले में जानकारी मांगी है.
उनके जवाब के बाद दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई की जायेगी. निरीक्षण के क्रम में डीसी ने नगरपालिका के कार्यपालक पदाधिकारी को निदेश दिया कि इस स्टेडियम परिसर की साफ सफाई कराया जाये. ताकि यहां 15 अगस्त का कार्यक्रम हो सके.
स्टेडियम की स्थिति देख कर उपायुक्त काफी नाराज हुई. मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अखौरी शशांक सिन्हा, नगर पर्षद अध्यक्ष पावन एक्का, कार्यपालक पदाधिकारी ए मिंज, कनीय अभियंता विनोद कुमार, राजेश अग्रवाल, बालकिशोर शाहदेव सहित अन्य लोग मौजूद थे.
