प्रधानमंत्री आज लोहरदगा में, 40 मिनट रहेंगे, सुरक्षा पुख्ता
लोहरदगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को लोहरदगा के बीएस कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. वे रांची से 10:50 बजे हेलीकॉप्टर से लोहरदगा पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री लोहरदगा में 40 मिनट रहेंगे. सभा समाप्ति के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से रांची लौटेंगे और हवाई अड्डा से ही विशेष विमान से ही दुर्गापूर के लिए […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
लोहरदगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को लोहरदगा के बीएस कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. वे रांची से 10:50 बजे हेलीकॉप्टर से लोहरदगा पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री लोहरदगा में 40 मिनट रहेंगे. सभा समाप्ति के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से रांची लौटेंगे और हवाई अड्डा से ही विशेष विमान से ही दुर्गापूर के लिए रवाना हो जायेंगे.
प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारी पूरी हो चुकी है. लोहरदगा जिला में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है. पूरे इलाके में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है. प्रधानमंत्री के सभा स्थल पर लगातार अधिकारियों की बैठक हो रही है. राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल का दौरा कर रहे हैं.
सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये हैं. बीएस कॉलेज स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर उतरेगा. प्रधानमंत्री के साथ तीन हेलीकॉप्टर भी आयेगा. स्टेडियम में ही तीन हेलीपैड का निर्माण कराया गया है.
निर्माण स्थल पर मेटल डिटेक्टर से लगातार जांच की जा रही है. प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर विशाल पंडाल तैयार किया गया है. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बनाये गये चेक पोस्टो में सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है. इधर प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास भी लोहरदगा आयेंगे. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को हेलीकॉप्टर लोहरदगा आया.
इसमें सुरक्षा कर्मी सहित अन्य लोग थे. एसपीजी के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल को अपने कब्जे में ले लिया है. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. झारखंड पुलिस के साथ साथ केंद्रीय बल को भी लगाया गया है. छह स्तरीय सुरक्षा घेरा होगा. झारखंड पुलिस के महानिरीक्षक मानवाधिकार नवीन कुमार सिंह कई राउंड का दौरा कर चुके हैं. पुलिस के जवानों को शहर के होटलों, धर्मशाला, विद्यालयों में ठहराया गया है. जिले के पुलिस कप्तान प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं.