लोहरदगा : सदर अस्पताल में जनसंख्या दिवस पर परिवार विकास मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त विनोद कुमार ने किया. मौके पर उन्होंने कहा कि विकसित समाज के निर्माण के लिए लोगों का स्वस्थ होना नितांत आवश्यक है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा बहुत सारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं. जरूरत है, तो सिर्फ उन योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने की.
आज भी कहीं-कहीं लोगों के मन में चिकित्सा सुविधा के प्रति गलत भ्रातियां हैं. इसके लिए योजना बनाकर ऐसे लोगों तक पहुंचा जाये और उनके बीच जागरूकता अभियान चलाया जाये. उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या के अत्यधिक दबाव से बचने के लिए परिवार नियोजन अत्यंत आवश्यक है. महंगाई के इस दौर में छोटा परिवार सुखी परिवार की सार्थकता सहज ही समझा जा सकता है. छोटा परिवार ज्यादा स्वस्थ और समृद्ध होगा. परिवार विकास मेला के तहत पंचायत और प्रखंड स्तर पर परिवार नियोजन का पखवारा चलेगा.
यह कार्यक्रम राज्य सरकार द्वारा पखवारे के रूप में पूरे राज्य में एक साथ चलाया जा रहा है. सकारात्मक परिणाम आने पर इस कार्यक्रम को आगे भी बढ़ाया जायेगा. मौके पर उपायुक्त ने सदर हॉस्पिटल का निरीक्षण भी किया. उन्होंने हॉस्पिटल प्रबंधन को साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही. हॉस्पिटल के ओपीडी में मरीजों की संख्या ज्यादा होने पर उन्होंने संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति लोग काफी जागरूक हैं. दूर दराज और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आये लोगों का इलाज चिकित्सक संवेदनशील होकर करें. मौके पर सिविल सर्जन डॉ पैट्रिक टेटे, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ शंभु नाथ चौधरी, पदस्थापित डॉक्टर, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे.
