चंदवा. स्थानीय प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में शुक्रवार को पूरे देश में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर बैठक की गयी. इसकी अध्यक्षता बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने की. बीडीओ श्री प्रसाद ने प्रखंड के सभी नोडल व सभी सुपरवाइजर को सौ वर्ष से अधिक उम्रवाले मतदाताओं का सत्यापन करने का निर्देश दिया. बताया कि बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) कार्य में पारदर्शिता व दक्षता लाना है. एसआईआर के दौरान प्रत्येक मतदाता की नागरिकता, आयु व पहचान से जुड़े सभी आवश्यक कागजात व प्रमाण का गहन सत्यापन करें. ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन व त्रुटिरहित हो सके. बैठक के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मृतकों के नाम हटाने व किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार की प्रक्रिया के बारे में बताया गया. स्पष्ट कहा कि सभी नोडल एवं सुपरवाइजर का कार्य निष्पक्ष व समयबद्ध होना चाहिए, ताकि हर योग्य नागरिक को मताधिकार का अवसर मिल सके. मौके पर लव कुमार, अनिल कुमार, गोपाल सिंह, अवतार सिंह, योगेंद्र प्रसाद, उत्तपल कुमार, किशन कुमार गुप्ता समेत सभी नोडल व सुपरवाइजर मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
