महुआडांड़. थाना क्षेत्र के रेंगाई पंचायत के केनाटोली गांव में सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान केनाटोली निवासी 35 वर्षीय कुंदन तिग्गा पिता मिलकुस तिग्गा के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार कुंदन तिग्गा स्कूटी से महुआडांड़ की ओर आ रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसकी स्कूटी में जोरदार धक्का मार दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि कुंदन तिग्गा सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गयी. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर से मोटरसाइकिल सवार फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया. बस से साइड लेने में टेंपो पलटी, महिला की मौत, चार घायल
गारू. गारू-महुआडांड मार्ग में मिर्चईया फॉल के पास सिंह यात्री बस से साइड लेने के दौरान एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में सुरकुमी गांव निवासी राजकलिया देवी (पति स्व द्वारिका सिंह) की लातेहार सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. वहीं, प्रदीप सिंह, सुलगनी देवी और ग्राम प्रधान नरेश सिंह समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना उस समय घटी जब सुरकुमी गांव के ग्रामीण जन वितरण प्रणाली दुकान से राशन लेकर टेंपो से घर लौट रहे थे. तभी महुआडांड़ की ओर से आ रही बस को साइड देने के चक्कर में यह दुर्घटना हो गयी. सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल राजकलिया देवी को सदर अस्पताल रेफर किया गया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल लिया. महिला की मौत से गांव में मातम पसरा है.
