लातेहार ़ जिले के मनिका प्रखंड में संचालित वीर बुधु आवासीय विद्यालय में पढ़ाई कर रहे पहली कक्षा के छात्र की मौत हो गयी. मृत छात्र की पहचान उज्जवल लोहरा पिता बलराम लोहार के रूप में हुई है. उज्जवल बालूमाथ प्रखंड के लक्षीपुर गांव का निवासी था और वीर बुधु आवासीय विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था. मृतक के पिता बलराम लोहरा ने बताया कि एक जनवरी को पिकनिक मनाने के लिए गये हुए थे. इस दौरान उज्जवल की तबीयत शुक्रवार की सुबह खराब हो गयी. विद्यालय के संचालक सत्येंद्र यादव के द्वारा प्राथमिक इलाज के लिए उसे मनिका स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बच्चे को लातेहार सदर अस्पताल लाया गया. यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. बच्चे के परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. पिता बलराम लोहरा ने कहा कि विद्यालय के संचालक की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गयी है. इस घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. इस मामले को लेकर मृतक के परिजन लातेहार थाना पहुंचे और विद्यालय संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का आवेदन दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाने की बात कही जा रही है. वहीं, विद्यालय के संचालक श्री यादव ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही नही बरती गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
