बरवाडीह़ मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने एनएच-39 (रांची–कुड़ू–मेदिनीनगर मार्ग) पर सड़क निर्माण अधूरा होने के बावजूद टोल टैक्स की वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने इस मामले में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, पलामू उपायुक्त और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को पत्र भेजकर तत्काल प्रभाव से टोल वसूली पर रोक लगाने की मांग की है. 30 से 40 प्रतिशत ही हुआ है निर्माण : विधायक द्वारा भेजे गये पत्र के अनुसार, एनएच-39 सड़क का निर्माण कार्य अभी मात्र 30 से 40 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है. इसके बावजूद मनिका विधानसभा क्षेत्र की सीमा के अंतर्गत दुबियाखांड़ टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली शुरू कर दी गयी है. इससे स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है. दैनिक आवागमन में हो रही परेशानी : विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि मनिका, बरवाडीह, गारू, सरयू और महुआडांड़ प्रखंडों के लोग प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. मेदिनीनगर इस क्षेत्र का मुख्य बाजार है और कई ग्रामीणों को महज 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए भी टोल देना पड़ रहा है. विधायक ने मांग की है कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक उक्त टोल प्लाजा से टैक्स की वसूली बंद की जाये.
टोल वसूली का विरोध, विधायक रामचंद्र सिंह ने खोला मोर्चा
टोल वसूली का विरोध, विधायक रामचंद्र सिंह ने खोला मोर्चा
