बरवाडीह़ प्रखंड के छिपादोहर झारखंड पुलिस की ओर से सोमवार को छिपादोहर थाना परिसर में आत्मसमर्पित नक्सलियों तथा उनके परिजनों के साथ बैठक आयोजित की गयी. इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने की. बैठक में आत्मसमर्पित नक्सलियों को सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी. इस दौरान एसपी ने सभी से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया. एसपी ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है. यदि किसी प्रकार की परेशानी आती है तो पुलिस और प्रशासन हरसंभव सहायता के लिए तत्पर है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पुनर्वास और कल्याण को लेकर गंभीर है तथा मुख्यधारा से जुड़ चुके लोगों को समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए हर जरूरी सहयोग दिया जायेगा. बैठक में पुनर्वास नीति को और प्रभावी बनाने तथा आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया. इस दौरान एसपी ने जानकारी दी कि अभी भी कुछ नक्सली मुख्यधारा में नहीं लौटे हैं. उन्होंने मीडिया के माध्यम से ऐसे लोगों से हिंसा का रास्ता छोड़ आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की. मौके पर डीएसपी अनुज कुमार मिश्रा, एसडीपीओ भरत राम, बीडीओ रेशमा रेखा मिंज, छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी, अमरेश कुमार, सच्चिदानंद सिंह, इंद्रजीत तिवारी, भोला कुमार, गजेंद्र साव, उपेंद्र सिंह, चंदन प्रसाद, पप्पू प्रसाद समेत कई लोग मौजूद थे.
आत्मसमर्पण करनेवाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : एसपी
आत्मसमर्पण करनेवाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : एसपी
