लातेहार : जिला मुख्यालय के धर्मपुर मोड़ के पास ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सहायक पुलिस की तैनाती की जाती है. सहायक पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल करने के बजाय शहर में नो इंट्री और ओवर लोड का हवाला देकर वाहन चालकों से रुपये वसूलते हैं. मंगलवार को ऐसा ही मामला सामने आया है.
सामान उतारकर लौट रहे वाहन को नो इंट्री के नाम पर रोका
पिकअप सवारी वाहन (जेएच20एच-7140) शहर के बीच किसी दुकान से सामान उतार कर वापस रांची की ओर जा रहा था. तभी धर्मपुर मोड़ के पास तैनात दो सहायक पुलिस कर्मी ने वाहन को देखते ही उसे रूकने का इशारा किया और वाहन चालक को बाहर बुलाया और कहा कि नो इंट्री में कैसे प्रवेश कर गया. इसके लिए फाइन का प्रावधान है. इसके बाद चालक ने कहा कि शहर में सामान उतारने गये थे, इस कारण शहर से ही निकलना पड़ा है.
काफी देर बहस के बाद पुलिस के जवानों ने वाहन के चालक से कुछ रुपये देकर जाने के बात कही. इसके बाद वाहन चालक ने 50 रुपये दिया. इसके बाद सहायक पुलिस कर्मियों ने वाहन को जाने दिया.
अवैध रूप से वसूली पर होगी कार्रवाई
इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान ने कहा कि सहायक पुलिस कर्मियों द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही और वाहन चालकों से अवैध रूप से रुपये लिये जाने पर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि धर्मपुर और थाना चौक के पास सहायक पुलिस कर्मियों को ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तैनात किया जाता है.
