लातेहार. जेटेट सिलेबस से पलामू प्रमंडल की क्षेत्रीय भाषाओं भोजपुरी और मगही को हटाने के निर्णय पर सहायक अध्यापक संघ ने कड़ी आपत्ति जतायी है. संघ के जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने इसे राज्य सरकार का तानाशाही रवैया करार दिया. उन्होंने प्रेस बयान जारी कर कहा कि बिहार सीमा से सटे पलामू प्रमंडल से स्थानीय भाषाओं को हटाकर बंगला और उड़िया को शामिल करना मूल निवासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है. अतुल सिंह ने कहा कि पारा शिक्षक पिछले 20 वर्षों से प्राथमिक शिक्षा की अलख जगा रहे हैं, लेकिन सरकार ने उन्हें नियमावली में कोई विशेष छूट नहीं दी है. अन्य राज्यों की तर्ज पर राहत देने के बजाय सरकार भाषाई विवाद पैदा कर रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए न्याय करने की मांग की है. विनोद यादव बने सहायक आचार्य कमेटी के अध्यक्ष
लातेहार. जिला खेल स्टेडियम परिसर में प्रखंड सहायक आचार्य कमेटी का पुनर्गठन किया गया. इसमें लातेहार प्रखंड कमेटी का अध्यक्ष विनोद कुमार यादव, चक्रवर्ती को सचिव, अजय तिवारी उपाध्यक्ष, दशरथ सिंह खरवार को काेषाध्यक्ष बनाया गया. संरक्षक अतिकुर रहमान, संयोजक अनिल उरांव और मीडिया प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह को बनाया गया है. कार्यकारिणी सदस्य में माधुरी कुमारी व अनामिका कुमारी समेत कई आचार्य को शामिल किया गया है. बैठक में बतौर पर्यवेक्षक मनीष कुमार, कालीनाथ शाहदेव व कुंज बिहारी शामिल थे. मौके पर जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव, दिव्य जैस्मीन खाखा, कमलेश प्रसाद यादव, अर्पणा राय, संतोष भेंगरा, अनुज कुमार, रूपेश प्रसाद, उदय यादव समेत कई सहायक आचार्य उपस्थित थे.
