प्रतिनिधि बालूमाथ. बालूमाथ में रामनवमी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने के बाद प्रशासन द्वारा 18 रामभक्तों पर प्राथमिकी दर्ज करने से विवाद खड़ा हो गया है. पूजा समिति ने पहले दो बैठक कर तीन सूत्री मांग प्रशासन को सौंपी थी, जिसमें फर्जी मुकदमा वापस लेने, अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और अंचलाधिकारी का तबादला शामिल है. मंगलवार को समिति के सदस्य रांची स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को ज्ञापन सौंपा. श्री साहू ने कहा कि गलती किसी ने की है, लेकिन सजा दूसरों को दी जा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में मांगें पूरी नहीं हुईं तो लातेहार जिला अनिश्चितकालीन बंद होगा. बाबूलाल मरांडी ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा. मौके पर अरविंद तिवारी, संजय तिवारी, अखिलेश भोग्ता, गजेंद्र हिमांषु, रामकुमार गुप्ता, रामनाथ सिंह, आनंद कुमार, रोहित कुमार, कामेश्वर साव समेत अन्य लोग मौजूद थे.
मांगें नहीं मानी गयी, तो अनिश्चितकालीन बंद होगा लातेहार : प्रदेश अध्यक्ष
बालूमाथ में रामनवमी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने के बाद प्रशासन द्वारा 18 रामभक्तों पर प्राथमिकी दर्ज करने से विवाद खड़ा हो गया है.
