Latehar Suicide News, लातेहार (चंद्रप्रकाश सिंह की रिपोर्ट): लातेहार जिला स्थित बरवाडीह-बरकाकाना रेलखंड के रिचुघाटा रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात को एक दर्दनाक घटना घटी. दरअसल धरधरी पुल के समीप डाउन रेलवे लाइन पर एक नाबालिग प्रेमी जोड़े का शव बरामद हुआ है. घटना की जानकारी तब मिली जब शनिवार सुबह गश्ती के दौरान रेलवे ट्रैकमैन ने पटरी पर शवों को देखा, जिसके बाद तुरंत उन्होंने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी.
मृतकों की हुई पहचान
सूचना मिलने पर लातेहार थाना पुलिस एसआई राजा दिलावर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शवों की पहचान की. मृतकों की पहचान सिंधु कुमारी (16 वर्ष, पिता किरानी उरांव, निवासी घोड़ाबर, लातेहार) और शत्रुघ्न कुमार (17 वर्ष, पिता मंटू सिंह, ऊपाग निवासी, छिपादोहर) के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि युवक अपने किसी रिश्तेदार के घर रिचुघाटा आया हुआ था, जहां उसे युवती से प्रेम गया.
Also Read: साहिबगंज: घात लगाकर गोली मारने की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, रिश्तेदार ही निकले हमलावर
शादी समारोह से लापता थी युवती
परिजनों के अनुसार, मृतका सिंधु कुमारी गुरुवार को नजदीक के ही दूसरे गांव में शादी समारोह में शामिल होने गई थी, जिसके बाद से वह लापता थी. परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह दोनों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में ट्रैक पर पाया गया. पुलिस के मुताबिक, युवती के दोनों पैर कटे हुए थे और युवक के भी पैर व सिर पर गंभीर चोटें थीं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि दोनों ट्रेन के आने से पहले ही पटरी पर लेट गए थे.
पुलिस कर रही है जांच
एसआई राजा दिलावर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. हालांकि, आत्महत्या के सही कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस प्रेम प्रसंग के साथ-साथ अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.
Also Read: गढ़वा: विशुनपुरा में बेखौफ चोर, ज्वेलरी दुकान से डेढ़ लाख की संपत्ति की चोरी
